February 7, 2025

आरा : भूमि विवाद में दो पक्षों में फायरिंग, गोली लगने से भतीजे की मौत व गंभीर हालत में चाचा पटना रेफर

आरा । उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कुस्माही टोला गांव में भूमि विवाद में शुक्रवार की दोपहर दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान भतीजे ने दम तोड़ दिया, जबकि चाचा की हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के पटना रेफर कर दिया गया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मृतक की पहचान कुस्माही टोला गांव के स्व.परमानंद सिंह का 47 वर्षीय पुत्र सुरेश सिंह है। वहीं 62 वर्षीय कलेक्टर सिंह घायल हैं।

इधर, मृतक के भाई मनीष कुमार ने बताया कि गांव में एक कट्ठा सरकारी भूमि है। इसी भूमि को लेकर लगभग दो-ढाई वर्षो से गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार दोपहर सुरेश सिंह एवं उनके चाचा कलेक्टर सिंह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां आ धमके जिसके नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। दूसरे पक्ष द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई, जिसमें सुरेश की मौत हो गई। मनीष कुमार ने गांव के ही सत्येंद्र सिंह एवं उनके परिवार वालों पर गोलीबारी कर मारने का आरोप लगाया है।

 

 

You may have missed