मोकामा में फिर फायरिंग, तड़के सुबह अपराधियों ने चलाई गोलियां, सोनू-मोनू पर आरोप

- अनंत सिंह जिसको बचाने गए उसके घर पर हमला…कहा…आज जा रहे हैं कल फिर आएंगे…कोई नही बचेगा
पटना। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह और गैंगस्टर्स सोनू-मोनू में बढ़ती अदावत के बीच आज शुक्रवार सुबह फिर फायरिंग हुई है। पूर्व विधायक जलालपुर के हेमजा गांव में जिस मुकेश की मदद करने पहुंचे थे। उसके घर पर सुबह 5.30 बजे पिस्टल से 5 राउंड गोलियां चली हैं। फायरिंग का आरोप सोनू-मोनू गैंग पर लगा है। वहीं मुकेश के घर पर फायरिंग सीधे अनंत सिंह को चुनौती मानी जा रही है। दरअसल, बुधवार शाम मुकेश सिंह के घर का ताला खुलवाने पूर्व विधायक हेमजा गांव पहुंचे थे। जिसके बाद वो सोनू-मोनू के गांव नौरंगा पहुंचे थे, जहां करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी। आज हुई फायरिंग के बाद पंचमहला थाना अध्यक्ष प्रहलाद कुमार झा ने छापेमारी की। इस दौरान जलालपुर निवासी और गैंगस्टर सोनू की गिरफ्तारी हुई है। इस बात की पुष्टि बाढ़ SDPO राकेश कुमार ने की है। सोनू पर मुंशी मुकेश के साथ मारपीट करने और उसके घर पर ताला लगाने का आरोप है। अनंत सिंह के समर्थकों में शामिल डुमरा निवासी रौशन सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुकेश ने बताया कि, ”फायरिंग के बाद जब पुलिस-प्रशासन को फोन किए। वो आए तो मुझे ही डांटने लगे। कहा- चुप रहिए, कोई गोली नहीं चली है। आपलोग तिल का ताड़ करते हैं। गोलीबारी के बाद अनंत सिंह और सोनू एक दूसरे के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। सोनू ने कहा था- ’68 की उम्र में अनंत सिंह 34 वाले से लड़ने चले हैं। गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।’ वहीं एक टीवी चैनल से बात करते हुए अनंत सिंह ने मजाकिए लहजे में कहा था कि- ‘ये लड़ाई विदेश तक जाएगी। मेरी जनता को कोई परेशान करेगा तो मैंने चूड़ियां नहीं पहनी है।
बुधवार शाम चलीं थी 100 राउंड गोलियां
बुधवार शाम पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे। वहां गैंगस्टर सोनू-मोनू और अनंत समर्थकों के बीच फायरिंग हुई थी। इस दौरान 100 राउंड फायरिंग होने की बात कही जा रही थी। फायरिंग का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था। 53 सेकेंड के वीडियो में 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है।
