February 6, 2025

पीएमसीएच अस्पताल के सर्जिकल स्टोर रूम में आग लगने से हड़कंप, फायर बिग्रेड ने पाया काबू

पटना। पटना में सूबे के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच के सर्जिकल स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। चारों ओर धुआं फैल गया। मामले की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची। वही बताया जा रहा हैं की ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने अगलगी की घटना पर काबू पा लिया हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल अधीक्षक और प्राचार्य भी पहुंचे। सर्जिकल स्टोर में धुआं भरने के कारण दमकलकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद सर्जिकल ब्लॉक को तोड़ने का आदेश दिया। घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। किसी जानी नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सर्जिकल से जुड़े सामान और कीमती दवाइयां जलकर राख हो गई, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक राजेंद्र ब्लॉक स्थित सर्जिकल स्टोर में दोपहर 2 बजे करीब आग लगी थी। राजेन्द्र ब्लॉक के दूसरे परिसर में कई वार्ड हैं। जिसमें मरीज एडमिट हैं। उन मरीजों को भी धुआं के कारण कुछ देर तक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि आग कैसी लगी, इस पर पीएमसीएच प्रबंधन फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। मामले की छानबीन की जा रही है।

You may have missed