सासाराम में छेड़खानी का विरोध करने पर किसान के घर में लगाई आग, बाल-बाल बचे परिवार के लोग

सासाराम । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनकढ़ा गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर मनचलों ने किसान के घर में आग लगा दी, जिससे पूरा घर जल गया। परिवार के लोगों की जान बाल-बाल बच गई। मनचलों ने पेट्रोल डाल आग लगाई, जिसे बारिश भी नहीं बुझा पाई।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी रही। बुधवार सुबह से लगातार बारिश होने पर भी लोग घर के बाहर हैं। घटना से आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी की। पीड़ित सर्वजीत राम ने बताया कि मंगलवार शाम गांव की लड़की के साथ धनकाढ़ा गांव के पास कुछ युवकों ने छेड़खानी की।
इसका विरोध किया तो वे धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद देर रात हम लोग घर में सो रहे थे, तभी कुछ युवक आए और पेट्रोल छिड़कर घर में आग लगा दी। आग की लपटों को देखकर पूरा परिवार घर बाहर निकला।
इसके बाद लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल गया। पीड़ित ने बताया कि गांव के ही रूदल व तेजदीप ने छेड़खानी की।
ये दोनों अक्सर गांव में शराब पीकर बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी व मारपीट करते हैं। घटना के बाद गांव में तनाव है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।