PATNA : किसान चौपाल में कृषकों को नयी तकनीकों और आमदनी बढ़ाने के सिखाए गए गुर
- आत्मा की ओर से आलमपुर गोनपुरा पंचायत में लगाया गया किसान चौपाल
फुलवारी शरीफ। पटना के फुलवारी शरीफ प्रखंड अंतर्गत आलमपुर गोनपुरा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में विभागीय निर्देशानुसार किसान चौपाल का आयोजन किया गया। किसान परमेश्वर उर्फ कवि जी ने बताया कि किसान चौपाल में उपस्थित किसानों को कृषि से संबंधित तमाम जानकारी दी गई। साथ ही किसानों की आमदनी बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ब्रजकिशोर चरण की उपस्थिति में आयोजित किसान चौपाल में पंचायत क्षेत्र के काफी संख्या में किसान उपस्थित थे। किसान चौपाल में कृषि समन्वयक प्रशांत कुमार सिंह ने उपस्थित किसानों को जीरो टिलेज पद्धति से खेती करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीरो टिलेज के माध्यम से खेती करने से खेतों में बीज रोपण करने के लिए जहां जुताई की आवश्यकता नहीं पड़ती है। वहीं फसल का उत्पादन भी अधिक होता है। लिहाजा कम खर्च में किसानों को अधिक मुनाफा होता है।
किसान चौपाल में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रुबीना नसीम ने किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक किया। वही लेखापाल रोहित कुमार ने सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पौधा संरक्षण, कृषि यांत्रिकीकरण, जैविक खेती, मिट्टी जांच, समेकित खेती कौशल विकास, क्षेत्र के जलवायु के अनुसार फसलों का चयन आदि पर भी गहन रूप से चर्चा की। इसके अलावा किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित श्री विधि, जैविक खाद, पशुपालन, बीज ग्राम, बागवानी सहित अन्य विभिन्न योजनाओं की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।