बिहार सरकार के ऐतिहासिक उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए अफवाहों और तथ्यहीन खबरों को हवा दी जा रही है : गगन
पटना। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि बिहार की इंडिया गठबंधन सरकार के ऐतिहासिक उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए एक सुनियोजित साजिश के तहत तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही है और तथ्यहीन खबरों को हवा दी जा रही है। राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने पिछले सत्रह महीने में जिस प्रकार लगभग 5 लाख लोगों को नौकरी देकर, चार लाख से ज्यादा नियोजित शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देकर और राज्य में जातीय गणना कराकर उसके आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने के साथ हीं सभी जाति, धर्मों और वर्गों के गरीब परिवारों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता देकर जो ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, वह भाजपा को पच नहीं रहा है। इसलिए इन उपलब्धियों से ध्यान भटकाने के लिए प्लांटेड स्टोरी के माध्यम से तरह-तरह की अफवाहें फैलाई जा रही है और तथ्यहीन खबरों को हवा दी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार के नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने का जो संकल्प लिया था, उसे मूर्त रूप देने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में गठबंधन सरकार तेजी से आगे बढ़ रहा है। वही इसी कड़ी में पिछले दिनों पटना में हुए इंवेस्टर मीट में देश और विदेश के बड़े-बड़े औद्योगिक समूहों द्वारा बिहार में उद्योग लगाने के लिए सरकार के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं। नई टूरिज्म पौलिसी बनाई गई है। बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए निर्माण, कृषि, सिंचाई एवं आइटी सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है।