पटना नगर निगम ने शुरू किया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान, नाले पर तोड़े गए बने अवैध निर्माण

पटना। मानसून के मद्देनजर पटना नगर निगम द्वारा शुक्रवार से सभी अंचलों में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। बायपास नाला, मंदिरी नाला सहित शहर के सभी बड़े नालों के आसपास स्थित अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। टास्क फोर्स द्वारा सड़क पर चल रहे अवैध खटाल, नाले के किनारे बने गौशाला के अलावा सड़क किनारे स्थित अवैध रूप से लगे बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग को भी हटाया गया। इस दौरान नगर निगम कर्मियों के साथ पदाधिकारी भी मौजूद थे। कंकड़बाग, दीघा, बायपास, बारीपथ, अशोक राजपथ सहित कई जगहों पर जुर्माना भी वसूल किया गया।
मशीनों से लगातार जारी है नाला उड़ाही
नगर निगम द्वारा वर्षा ऋतु आगमन से पहले युद्धस्तर पर शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई जारी है। कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का नगर आयुक्त द्वारा पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक दिन मुख्यालय स्तर पर कार्यों की समीक्षा भी की जा रही है। जेसीबी द्वारा बड़े और छोटे नालों की उड़ाही की जा रही है। वहीं सुपर सक्कर मशीन द्वारा अत्यधिक गहराई वाले मैनहॉल की सफाई कराई जा रही है।
विदित है कि पटना नगर निगम द्वारा संपूर्ण क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा संग्रहण की सेवा दी जा रही है, फिर भी कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नियमों एवं सरकार के दिशा-निर्देश की अनदेखी करते हुए खुले मैदान एवं खुले नालों में कचरा डंप किया जाता है। यही वजह है कि लगातार नाला उड़ाही के बावजूद कई नालों की उपरी सतह पर प्लास्टिक थैले, बोतल, थर्माकोल के पेपर आदि पाए जाते हैं।
