महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव का ऐलान: झारखंड में दो चरण और महाराष्ट्र में एक चरण में डाले जाएंगे वोट, 23 नवंबर को परिणाम

- झारखंड में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग, महाराष्ट्र में एक चरण में 20 को मतदान
नई दिल्ली। मंगलवार को केंद्रीय चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव की घोषणा की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा और जम्मू कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के बाद अब हम लोग मिलकर महाराष्ट्र में भी चुनाव कराने जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र में एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। इस संबंध में चुनाव आयोग 22 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी करेगा और नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और 29 अक्टूबर तक नामांकन भरे जाएंगे जबकि 4 नवंबर को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि होगी। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता होंगे। 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता होंगी। 1.85 करोड़ युवा मतदाता होंगे। पहली बार मतदान करने वाली संख्या 20.93 लाख होगी। राज्य में इस बार 1,00,186 मतदान केंद्र होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मतदाताओं ने जो जज्बा दिखाया, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। जम्मू-कश्मीर ने नई आशाओं को जन्म दिया है। अब वहां के लोगों को लोकतंत्र को आगे ले जाना है।
झारखंड में दो चरण में वोटिंग, 13 और 20 नवंबर को होंगे मतदान
झारखंड में 2 फेज में चुनाव होंगे। पहली वोटिंग 13 नवंबर को और दूसरे फेज की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। नतीजों का ऐलान 23 नवंबर को होगा। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को, वहीं झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को खत्म हो रहा है। राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में 24 जिले और 81 विधानसभा सीटें हैं। 5 जनवरी 2025 को टर्म पूरा हो रहा है। 2.6 करोड़ वोटर्स हैं। फर्स्ट टाइम वोटर्स 11.84 लाख हैं। पोलिंग स्टेशन एक लाख 186 हैं। इस बार भी हम पीडब्ल्यूडी और विमन मैनेज्ड बूथ बनाएंगे। 1.14 लाख वोटर्स 85 प्लस एज के हैं। पोलिंग स्टेशन 29 हजार 562 हैं।
