PATNA : बारिश होने से राजधानी समेत अन्य जिलों का मौसम हुआ सुहावना, अगले दो दिनों तक गर्मी से मिलेगी राहत

पटना। राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश और तेज आंधी के बाद राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम सुहाना हो गया है। अधिकतर शहरों के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि कई जगहों पर आंधी-पानी से जनजीवन पर भी असर पड़ा है। गुरुवार को दरभंगा में भारी बारिश दर्ज की गई। यहां 73.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सहरसा के अगवानपुर में 22.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आंधी-पानी की स्थिति बनने से पटना के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई। गया में 1.1 डिग्री, दरभंगा में 4.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 3.4 डिग्री पारा नीचे आया है। राज्य भर में रोहतास 39.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री मुजफ्फरपुर में रहा।

गुरुवार को पटना में 1.8 मिमी, भागलपुर में 10, वैशाली में 16.5, अररिया में 14, खगड़िया में नौ, सुपौल में 11.1, पूर्णिया में 4.7, मुजफ्फपुर में 4.2 और बक्सर में 3.5 मिमी बारिश हुई। पटना में लगभग 50 दिनों के बाद हुई बारिश ने लोगों को राहत दी है। हालांकि मई के आरंभ से ही पुरवा के बने प्रभाव की वजह से पटना सहित पूरे दक्षिण बिहार में तापमान में काफी गिरावट आई है। वही,पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, बांका, जमुई सहित उत्तर और दक्षिण बिहार के दर्जन भर जिलों में सुबह में धूल भरी आंधी चली। सुबह आठ बजे के बाद अचानक काले बादलों का बसेरा हुआ। इसके बाद 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने से वातावारण में धूल भर गया। बादल छाने से कुछ देर के लिए राजधानी में शाम जैसा नजारा हो गया। राजधानी में दस से 15 मिनट तक बारिश हुई। दोपहर बाद धूप निकली लेकिन उसमें वैसी गर्मी नहीं थी।
वही मौसमविदों के अनुसार अभी पुरवा और दक्षिण पुरवा का प्रभाव जारी रहेगा। पुरवा के दबदबा से सूबे में दो-तीन दिनों तक मौसम सुहाना रहेगा और तापमान में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं। बारिश की गतिविधियां दक्षिण बिहार की ओर कम रहेगी, लेकिन उत्तर बिहार में कुछ-कुछ जगहों पर आंधी पानी की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश की ओर बने चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र से एक ट्रफ लाइन छतीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए सतह से 0.9 किमी ऊपर तक मेघालय तक बनी है। इसके प्रभाव से उत्तर मध्य और उत्तर पूर्व के कुछ जगहों पर और उत्तर पश्चिमी भाग में एक दो जगहों पर मेघ गर्जन और बिजली चकमने के साथ आंशिक बारिश के आसार हैं।