PATNA : युवक ने शादी का झांसा देकर महिला से बनाया संबंध, पुत्री को भी नहीं छोड़ा

दानापुर। शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने वाले की नजर उसकी नाबालिग बेटी पर थी। आखिरकार वह किशोरी के साथ दुष्कर्म कर दिया। हालांकि उसकी करतूत उजागर हो गई। लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया आरोपित पश्चिम चंपारण के लौरिया का रहने वाला कृष्ण मोहन है। पुलिस ने पूछताछ के बाद कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना को सुनकर हर कोई हैरान है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक इलाके के निर्माणाधीन कॉलोनी में एक महिला बच्चों के साथ रहती थी। वह मजदूरी कर जीवनयापन करती थी। उसी जगह पर कृष्ण मोहन भी रहता था। उसने महिला से करीबी बढ़ाई। धीरे-धीरे महिला को उसने अपने झांसे में लेना शुरू किया। शादी का झांसा देकर वह महिला से संबंध बनाने में सफल हो गया। अक्सर वह उसके घर में आता-जाता था। महिला के बच्चे भी उससे घुल-मिल गए थे। इसका फायदा उठाकर उसने उसकी 14 वर्षीय पुत्री पर बुरी नजर डालनी शुरू कर दी। मौका पाकर उसने प्रेमिका की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। इसका पता चलने पर महिला के होश उड़ गए। शोर मचाने पर लोग जुट गए। लोगों ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी पिटाई भी कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया।थानाध्यक्ष कमलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रेमी पर महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। आरोपित कृष्ण मोहन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लड़की की मेडिकल जांच कराई गई है।
