औरंगाबाद में चार दिन पहले लापता युवक की सिरकटी लाश बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, जानें क्या है मामला
औरंगाबाद। औरंगाबाद के चौरी गांव से चार दिन पहले एक युवक घर से लापता हुआ था। उसकी लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई है। मामला दाउदनगर थाना इलाके का है।
45 साल के अखिलेश सिंह का शव दाउदनगर थाना क्षेत्र के जखौरा गांव से मिला है। मृतक के परिजनों ने युवक के अगवा होने की खबर पुलिस को दी थी। इसके बाद मामले की जांच में पुलिस जुट गई थी। इस दौरान पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया था। कड़ी पूछताछ के बाद अपराधियों ने पुलिस को कुछ जानकारी दी।
पुलिस ने अपराधियों की ओर से मिली जानकारी के आधार पर छानबीन की। इसके बाद जखौरा गांव से कीचड़ से शव निकाला गया। ग्रामीणों के मुताबिक अखिलेश सिंह ऑटो चलाता था। शव निकालने के दौरान दाउदनगर, हसपुरा और देवकुंड पुलिस पहुंची। दाउदनगर थाने की पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी कार्रवाई की जाएगी।