रोहतास में 9 वर्षीय मासूम के साथ हैवानियत, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
रोहतास। बिहार के रोहतास में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिले में एक बच्ची के साथ हैवानियत की गयी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है। रोहतास एसपी ने इस मामले की पुष्टि की है। घटना जिले के धौडाढ थाना क्षेत्र के एक गांव की है। ईंट भट्ठा में काम करने वाले एक दंपती की 9 साल की बेटी के साथ शख्स ने हैवानियत की घटना को अंजाम दिया। बच्ची को तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया। इस संबंध में पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि वह पति-पत्नी जब ईंट भट्ठा पर मजदूरी कर रहे थे। इस दौरान बच्ची घर में अकेली थी। पड़ोस के ही व्यक्ति ने बैगन तोड़ने के नाम पर उसे खेत में ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे छोड़कर फरार हो गया। मौके पर परिजन पहुंचे तो घटना की जानकारी मिली। बच्ची की हालत गंभीर थी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की छानबीन की जा रही है। पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। अगर किसी महिला, बच्ची या युवती के साथ आपराधिक घटना को अंजाम दिया जाता है। जैसे दुष्कर्म, छेड़खानी और मारपीट की जानकारी मिलती है तो पुलिस को इसकी सूचना तुरंत दें। इसके लिए पुलिस की ओर से टोल फ्री नंबर 112 जारी किया गया है। यह सेवा 24 घंटे चालू रहती है।