September 21, 2024

मोतिहारी में घर में घुसकर अपराधियों ने बरसाई गोली, एक की मौत व दो घायल

मोतिहारी। मुफस्सिल थाने के मधुबनीघाट मठिया टोला में अपराधियों ने घर में घुसकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।

अपराधियों ने टोला निवासी प्लाई फैक्ट्री के मालिक राजेंद्र सहनी के घर पर हमला किया और उनके भतीजे नंदलाल सहनी की गोली मार हत्या कर दी। वहीं उनके दो सगे भाई कृष्णा सहनी और कन्हैया सहनी गोली लगने से घायल हो गए हैं। घटना रात को लगभग 2:20 बजे हुई।

10 अपराधियों ने खुद को पुलिसवाला बताया और दरवाजा खोलने के लिए कहा। दरवाजा खुलते ही वे घर के अंदर घुस गए और राजेंद्र को खोजने लगे। उनकी मंशा को भांपते हुए राजेंद्र छत पर चढ़ गया। उसे पकड़ने के लिए अपराधी भी छत पर चढ़ गए। जान बचाने को उसने छत से छलांग लगा दी। उसका पैर टूट गया।

इसके बाद अपराधियों ने नंदलाल सहित उसके तीनों भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें नंदलाल की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके दोनों भाइयों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सदर अरुण कुमार गुप्ता दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि बदमाशों ने गोली क्यों चलाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed