February 8, 2025

रोहतास में दंपती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, दोनों का एक ही चिता पर किया गया अंतिम संस्कार

सासाराम । रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के बभनी गांव में शुक्रवार की रात दंपती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने दोनों के शवों को एक ही चिता पर रखकर अंतिम संस्कार कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि बभनी के गंगासागर पांडेय के 25 साल के बेटे ओम प्रकाश पांडेय उर्फ बुटन पांडेय व उसकी 22 साल की पत्नी सलोनी देवी रात में खाना खाकर सो गए। देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। दोनों की स्थिति नाजुक होते देख परिवार के लोगों ने सासाराम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

इस बीच तबीयत खराब होने की जानकारी सलोनी देवी के माता-पिता को दी गई। जानकारी मिलने के बाद सलोनी के माता-पिता अस्पताल पहुंचे व अपनी बेटी से बातचीत की। कुछ ही देर बाद सलोनी की मौत हो गई। डॉक्टरों ने पति को बचाने की भरपूर प्रयास किया लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया।

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बभनी के गंगासागर पांडेय के चार बेटों ने आपस में बंटवारा किया था। सबका अलग कारोबार था लेकिन तीनों भाइयों में सबसे छोटा ओम प्रकाश पांडेय गलत संगत में पड़ गया और नशे का आदि हो गया।

ओमप्रकाश की शादी गत वर्ष अप्रैल माह में शिवसागर थाना क्षेत्र के मदैनी गांव में हुई थी। दांपत्य सूत्र में बंधकर सुखमय जीवन की कल्पना संजोए सलोनी के हाथों में लगी मेहंदी का रंग अभी धूमिल भी नहीं हुए थे कि उसकी संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि घटना की जानकारी पीड़ित परिवारों ने पुलिस को नहीं दी गई है।

You may have missed