विनाश की राह पर बढ़ रही कांग्रेस: प्रभाकर मिश्र

- कांग्रेस के नेता खुद दूसरी पार्टी में पलायन करने के मूड में, बिहार में कांग्रेस की निकली अंतिम यात्रा
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने कांग्रेस की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा पर जमकर तंज कसते हुए कहा कि मृत हो चुकी कांग्रेस की बिहार में यह अंतिम यात्रा है। इस यात्रा के बाद कांग्रेस का नामोनिशान मिट जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस की अंतिम यात्रा भी पूरी तरह फ्लॉप हो गयी। इस यात्रा में कहीं जनभागीदारी नहीं दिखी। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ही इस यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसके पलायन की बात कर रही है, कांग्रेस के नेता तो खुद दूसरी पार्टी में पलायन करने के लिए मौके की तलाश कर रहे हैं। इस यात्रा से कांग्रेस के नेताओं का पलायन रूकने वाला नहीं है। कांग्रेस ने जहां भी यात्रा निकाली, वहां भाजपा और मजबूत हुई है। कांग्रेस की यात्रा से कमल खिलने की स्थितियां और अनुकूल हो जाती हैं।असल में कांग्रेस बेरोजगार हो चुकी है। इसलिए खुद अपने लिए रोजगार की तलाश कर रही है। लेकिन, बिहार में कांग्रेस को रोजगार नहीं मिलनेवाला। कांग्रेस के निशाने पर राजद है। कांग्रेस राजद के सामने ही ताल ठोंक सकती है, भाजपा के सामने कांग्रेस की कोई औकात नहीं है। कांग्रेस की यह यात्रा विशुद्ध स्वार्थ की यात्रा है। बिहार के लोग इस यात्रा का निहितार्थ समझ चुके हैं। इसलिए राजधानी पटना में भी कांग्रेस की यात्रा फ्लॉप रही। धरना-प्रदर्शन के बहाने कांग्रेस ने असमाजिक तत्वों से राजधानी में उपद्रव कराने की घिनौनी कोशिश की। ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
