February 8, 2025

कांग्रेस का हमला : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर दर्ज हो एंबुलेंस चुराने का मुकदमा

पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने प्रेस बयान जारी कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कोरोना काल में जब लोग एक-एक सांस के लिए तड़प रहे हैं तब पूरी भाजपा एंबुलेंस चुराकर लोगों की मौत पर जश्न मना रही है। सारण में भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने एंबुलेंस का जखीरा चुराया तो पश्चिमी चंपारण में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद डॉ. संजय जायसवाल के मित्र ने ओएनजीसी का दिया एंबुलेंस चुराकर अपने घर में रखा। ओएनजीसी ने साल 2015 में 34 लाख रूपयों का मोबाइल हॉस्पिटल वैन नौतन प्रखंड प्रशासन को दिया था। इसका उद्देश्य नौतन की जनता को तत्काल स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना था। उसी समय से इस वैन पर भाजपा नेता रूपक लाल श्रीवास्तव का अवैध कब्जा है। 2015 से रूपक लाल श्रीवास्तव इस वैन से अवैध कमाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस कोरोना काल में जब नौतन के मरीजों को रिक्शा और खाट से ढोना पड़ा तब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मित्र जनता को समर्पित एंबुलेंस से अवैध कमाई कर रहे थे। नौतन की जनता ने जब इसका विरोध किया तो लोगों को तरह-तरह की धमकियां दी गईं। बाद में सिकटा से महागठबंधन के विधायक वीरेंद्र गुप्ता ने डीएम से संपर्क साधा तो बड़ी ही चतुराई के साथ एंबुलेंस को सरकारी अस्पताल परिसर में खड़ा कर दिया गया। कांग्रेस ने मांग की कि भाजपा नेता रूपक लाल श्रीवास्तव और प्रदेश अध्यक्ष संजय जयसवाल पर जनता का एंबुलेंस चुराने, जनता के साथ गहरी साजिश करने और एंबुलेंस नहीं मिल पाने की वजह से हुई लोगों की मौत की साजिश रचने का मामला दर्ज किया जाए।

You may have missed