बाढ़ : पानी से बर्बाद फसलों का निरीक्षण करने रामनगर दियारा पहुंचे CO, हरसंभव मदद का आश्वासन
बाढ़। पटना जिला के अधिकांश इलाके बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। फतुहा, दनियावां, बाढ़, बख्तियारपुर समेत राजधानी पटना से सटे इलाकों में बाढ़ का पानी कहर बरपा रही है। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच आजीविका को लेकर समस्या उत्पन्न हो गयी है। लोग राहत व सहायता मुहैया कराने के लिए सरकार की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।
बाढ़ में गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि होने से अथमलगोला प्रखंड के रामनगर दियारा में सैकड़ों एकड़ में लगे फसल गंगा के पानी से बर्बाद हो गई है। इसकी शिकायत प्रभावित किसानों ने अंचलाधिकारी से की तो अंचलाधिकारी पंकज कुमार दल-बल के साथ किसानों के दर्द को समझते हुए बर्बाद फसल का निरीक्षण करने रामनगर दियारा पहुंचे। उनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी जायजा लेने पहुंचे और बर्बाद फसलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसानों से मिलकर बातचीत की और उन्हें सरकार से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। किसानों ने बताया कि फसल बर्बाद होने से अब उनके समझा खाने के भी लाले पड़ जाएंगे। उनका जीवन यापन कैसे होगा, इसकी चिंता किसानों को खाए जा रही है।