जमुई के समाज सुधार अभियान में CM नीतीश बोले- बिहार को जल्द मिलने वाली है कोरोना से मुक्ति, सजग रहने की जरुरत

जमुई। कोरोना की तीसरी लहर थमने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समाज सुधार अभियान एक बार फिर से शुरू हो गया है। यह अभियान 22 फ़रवरी से भागलपुर से शुरु हुआ। इस अभियान के तहत सीएम नीतीश आज जमुई में हैं। कार्यक्रम के दौरान जमुई के अलावा शेखपुरा, लखीसराय और मुंगेर के जनप्रतिनिधियों के साथ वरीय पदाधिकारी मौजूद हैं। श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में सीएम नीतीश कुमार 4 जिलों के जीविका दीदियों से संवाद कर रहे हैं। जमुई में जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में कोरोना से जल्द मुक्ति मिलने वाली है। सभी को सजग और सचेत रहने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग शराबबंदी का विरोध करते हैं। कुछ लोग अच्छे कार्यों की चर्चा कभी नहीं करेंगे। गड़बड़ी करने वाले चंद लोग तो होंगे ही। सीएम ने कहा कि समाज सुधार अभियान जारी रहेगा।

जमुई में शराबबंदी के फायदे गिनाते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि शराबबंदी के बाद आत्महत्या के केस में कमी आई है। सड़क हादसों में भी कमी आई है। वहीं उन्होंने कहा कि शराब पीने के साथ पैसे के साथ बुद्धि भी खत्म होती है। सीएम ने कहा कि कम उम्र में शादी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के हर क्षेत्र का विकास करेंगे।न्याय के साथ विकास हमारा संकल्प है। सामाजिक बदलाव पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से लगातार काम करते आ रहे हैं। पहले सड़कों की हालत खऱाब थी, अब ऐसा नहीं है। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर तबकों की पहले चिंता नहीं थी। महिला और लड़कियों की कोई चिंता नहीं होती थी। नौकरी में महिलाएं और स्कूल जा रही हैं लड़कियां। शराबखोरी के नुकसान पर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि नशापान से आपसी झगड़ा और सड़क दुर्घटना ज्यादा हो रहा है। दारू बंद होने से बिहार में सड़क हादसों में भारी कमी आयी है।