छह दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, शहीद स्मारक व जेपी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

पटना। केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे केंद्र में नई जिम्मेदारी मिलने के दौरान पहली बार बिहार पहुंचे। उन्होंने छह दिवसीय दौरे की शुरुआत पटना स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण व पौधरोपण करके की। उन्होंने शहीदों को नमन किया।

पौधरोपण कर लोगों से बड़ी संख्या में पौधे लगाने का संदेश दिया। इस मौके पर पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन व बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
सभी ने संयुक्त रूप से शहीद स्मारक परिसर में पौधरोपण किया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे पटना चिड़िया घर पहुंचे, वहां पर उन्होंने अधिकारियों के साथ पौधे लगाए।
इसके उपरांत केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे कदमकुआं स्थित जेपी आवास पहुंचे। जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। परिसर में पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि लोकनायक का आवास मेरे लिए तीर्थ स्थान है। यहां आकर पुरानी यादें ताजी हो गई।
1973 से यहां आ रहा हूं। यहां छात्रों की टोली अक्सर आती थी। 74 आंदोलन की रणनीति बनती थी। लोकनायक जयप्रकाश जी मार्गदर्शन करते। उस दौरान यादों में खो भावुक हो गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक अरुण कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।