February 7, 2025

चिराग का आशीर्वाद यात्रा खगड़िया पहुंचा, बोले- पार्टी और परिवार को तोड़ने में मुख्यमंत्री की भूमिका रही

खगड़िया। लोजपा सांसद चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के क्रम में शुक्रवार को खगड़िया पहुंचे। यहां स्थानीय परिसदन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चिराग ने अपने चाचा और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के साथ ही सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा।
चाचा पशुपति पारस पर निशाना
चिराग ने पशुपति पारस पर निशाना साधते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अपनी महत्वाकांक्षा में परिवार और पार्टी को तोड़ कर अब वे मंत्री बन चुके हैं। उन्होंने अपनी इस महत्वाकांक्षा में परिवार के साथ पार्टी को तोड़ने की कोशिश की और स्व. रामविलास पासवान के आदर्शों व विचारों को भी तोड़ा है।
जमुई सांसद ने कहा कि चाचा ने उनकी कार्यशैली, पिताजी के निर्णय व विचारों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पिता जी के समक्ष ही उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था। जिसमें चाचा मुख्य प्रस्तावक थे। आज जो अपने आपको पार्टी का अध्यक्ष कह रहे हैं, वे जान लें कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 75 सदस्य होते हैं। जिसमें 66 लोग मेरे साथ खड़े हैं। आशीर्वाद यात्रा में कार्यकर्ताओं व लोगों का समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, यह भी उनके लिए मिसाल है। उन्होंने कहा वे बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के साथ रणक्षेत्र में थे, पर पीछे उनके घर के लोग महाभारत करने को तैयार थे। फिलहाल उनका ध्यान किसी गठबंधन पर नहीं है। उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना है। ताकि लोजपा एक सशक्त पार्टी बने। जिसमें पार्टी के सभी अधिकारियों व सदस्यों का सहयोग मिल रहा है।
पार्टी और परिवार को तोड़ने में मुख्यमंत्री की भूमिका रही
वहीं चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए कहा कि पार्टी और परिवार को तोड़ने में मुख्यमंत्री की भूमिका रही है। जो हमारी पार्टी को तोड़ने का प्रयास पिताजी के समय से करते रहे हैं। यह बात चाचा जी भी जानते हैं। इसके बावजूद अपनी महत्वाकांक्षा के लिए उनकी गोद में बैठ गए हैं। जो दूसरों के घर व पार्टी को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, आज उनकी पार्टी ही टूट के कगार पर है। उनकी पार्टी के नेता मंत्री बने पर मुख्यमंत्री के मुंह से बधाई के शब्द नहीं फूटे। उन्होंने आगे कहा कि पहले भी कहा था और आज भी कह रहा हूं, बिहार की यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। मुख्यमंत्री दिन रात विकास की राग अलापते नहीं थकते हैं, परंतु आज बिहार में एक भी ऐसा अस्पताल नहीं, जहां दो घंटे में साधारण मोतियाबिंद का आपरेशन हो जाए और मुख्यमंत्री को अपनी आंख के इलाज के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़े। ये कैसा विकास है।
किसी के आगे झुककर समझौता नहीं करुंगा
चिराग ने आगे कहा कि उन्हें तोड़ने की हद से हद तक प्रयास किया गया, परंतु शेर का बेटा हूं, रामविलास पासवान का बेटा हूं, किसी के आगे झुककर समझौता नहीं करुंगा। इस मौके पर लोजपा (चिराग गुट) के प्रांतीय अध्यक्ष राजू तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव डा. रेणु कुशवाहा, हुलास पांडेय, संजय सिंह, संजय पासवान आदि मौजूद थे।

You may have missed