गूगल सर्च में 2023 में रही चंद्रयान 3 की धूम: सबसे अधिक किया गया सर्च, दूसरे नंबर पर कर्नाटक चुनाव

नई दिल्ली। साल 2023 कुछ ही दिनों में खत्म हो रहा है। हर साल की तरह इस साल भी गूगल ने पूरे साल में सबसे ज्यादा सर्च किए गए टॉपिक की लिस्ट जारी की है। देश में 2023 में चंद्रयान-3 को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। गूगल ट्रेंड्स के मुताबिक, 20 अगस्त 2023 से 26 अगस्त 2023 तक चंद्रयान-3 को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। ये वही समय था जब चंद्रयान-3 ने चांद पर सफल लैंडिंग की थी। चंद्रयान-3 के बाद न्यूज इवेंट्स में कर्नाटक इलेक्शन रिजल्ट को सबसे ज्यादा सर्च किया गया। ये रिजल्ट 13 मई 2023 को आए थे। इसके बाद इजराइल का मुद्दा और एक्टर सतीश कौशिक की मौत के बारे में जानने में लोगों ने दिलचस्पी दिखाई है। साथ ही, बजट-2023, तुर्किये में भूकंप, अतीक अहमद हत्याकांड, मणिपुर हिंसा और ओड़िसा ट्रेन एक्सीडेंट साल के टॉप 10 सर्च टॉपिक में रहा। चंद्रयान-3 भारत का तीसरा चंद्र मिशन था। इस मिशन के तहत चंद्रयान-3 ने 14 जुलाई, 2023 को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी थी। 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान ने चांद के साउथ पोल पर सफल लैंडिंग की। इसी के साथ भारत चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने वाला पहला देश बन गया। चंद्रयान-3 की सफलता को गूगल ने अगस्त में डूडल बनाकर सेलीब्रेट किया था। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के बाद पीएम नरेंद्र मोदी 25 अगस्त को बेंगलुरु स्थित इसरो के कमांड सेंटर में चंद्रयान-3 टीम के वैज्ञानिकों से मिले थे। यहा उन्होंने 3 घोषणाएं कीं थीं। पहली- 23 अगस्त को हर साल भारत नेशनल स्पेस डे मनाएगा। दूसरा- चांद पर लैंडर जिस जगह उतरा, वह जगह शिव-शक्ति पॉइंट कहलाएगी। तीसरी- चांद पर जिस जगह चंद्रयान-2 के पद चिन्ह हैं, उस पॉइंट का नाम ‘तिरंगा’ होगा।
