राजधानी पटना आज से बढ़ने लगेगी ठंड, अगले 48 घंटों में तापमान में शुरू होगी गिरावट

पटना। बिहार में ठंड की दस्तक शुरू हो गई है। अब धीरे-धीरे रात का पारा नीचे आने लगा है। ऐसे में अब लोगों को रात में ठंड का एहसाल होने लगा है। राजधानी पटना की बात करें तो बीते दिन रात का पारा 18.1 डिग्री दर्ज किया गया है। ऐसे में कहा जा रहा है कि आने वाले 48 घंटे में मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है। ऐसे में प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में बदलाव देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हवाएं बिहार के सभी हिस्से में पहुंच रही है, जिसमें तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। विभाग की माने तो गया, भागलपुर, गोपालगंज, बक्सर, मुजफ्फरपुर सहित 20 जिलों में रात के तापमाने में गिरावट देखी जा रही है।

मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश के ज्यादातर जिले शुष्क हैं लेकिन पश्चिम और उत्तर पश्चिमी हवा चलने के कारण प्रदेश में हवा में नमी देखी जा रही है. इससे रात के तापमान में लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है। विभाग ने यह भी कहा है कि पहाड़ों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से ठंडी हवाओं का असर अब मैदानी क्षेत्र में दिखने लगा है। जिससे दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्से में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।
जिसका असर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में साफ देखने को मिल रहा है। बता दें कि गुरुवार को पटना का तापमान 18.5 डिग्री सेल्लियस दर्ज किया गया। वही तेज हवा का ही असर है कि शाम होते ही तापमान में गिरावट देखी जा रही है। साथ ही सुबह में भी तापमान में कमी देखी जा रही है। ऐसे में अब कहा जा रहा है कि प्रदेश में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता हैं।