मुजफ्फरपुर के अहियापुर में मकान में मिला युवक का शव, ईंट से कूचकर हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर । अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर इलाके में गुरुवार की शाम अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान गौतम कुमार के रूप में हुई है।

उसके पिता प्रकाश कुमार झा वकील हैं। अहियापुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा। ईंट से कूच कर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।

चेहरे व शरीर के कई जगहों पर ईंट के जख्म के निशान मिले हैं। सिर में गंभीर जख्म था। शुरू में लोगों को लगा कि उसके सिर में गोली मारी गई है। पुलिस ने इससे इन्कार किया है।

बुधवार की सुबह 10 बजे युवक घर से घड़ी बनवाने की बात कहकर जीरोमाइल निकला था। शाम तक घर नहीं लौटा। इस पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की व अहियापुर थाना पुलिस को उसकी गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस खोजबीन कर रही थी कि सहबाजपुर में एक अद्धनिर्मित मकान में शव होने की सूचना मिली।

परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर में गौतम से बात हुई थी। उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। कोई पता नहीं चलने पर गुरुवार की सुबह थाने में जानकारी दी गई।

अहियापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार रजक ने बताया कि घटनास्थल पर ईंट गिरा हुआ था। कई ईंट के टुकड़ों पर खून के छींटे पड़े थे। उसका मोबाइल भी मिला है। कॉल डिटेल निकाला जा रहा है।

इससे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी। पुलिस का कहना है कि जिस जगह पर शव मिला है। वहां पर स्मैक पीने वालों का अड्डा है। पुलिस को वहां माचिस की तीली, खाली पुड़िया मिली है।

आशंका है कि उसे उसके दोस्तों ने वहां बुलाया। विवाद होने पर उसकी हत्या कर दी। बहरहाल पुलिस सभी सभी बिंदुओं पर जांच कर स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।

सिटी एसपी राजेश कुमार ने कहा कि अहियापुर में युवक का शव मिला है। परिजनों के बयान पर हत्या की एफआईआर कराई गई है। इसमें कुछ लोगों को नामजद किया गया है।

You may have missed