BJP MLC का कुशवाहा पर करारा पलटवार, बोले- हटकर नीतीश कुमार को झटका नहीं दे सके, अब सटकर बदला लेना चाहते हैं

पटना। जदयू संसदीय दल के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने एक बयान में कहा था कि जदयू के उम्मीदवारों को हराने में गठबंधन के दल ही शामिल थे। इस पर विधान परिषद में भाजपा के उप नेता नवल किशोर यादव ने उपेंद्र कुशवाहा पर करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे अलग हटकर नीतीश कुमार को झटका नहीं दे सके, इसलिए अब वह सटकर बदला लेना चाहते हैं। कहा कि उपेंद्र कुशवाहा हमसे अलग इसलिए हुए थे कि वे नीतीश कुमार के साथ नहीं रहना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राम की पूजा करती है, यहां कोई विभीषण नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीतीश जी के साथ थी, है और आगे भी मजबूती से रहेगी।
कुशवाहा ने 16 सीटों पर जदयू को पहुंचाई हानि
नवल किशोर यादव ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस समय कुशवाहा हमारी पार्टी के साथ थे तब ही नीतीश कुमार जी वापसी एनडीए में हुई थी। इसका उपेंद्र कुशवाहा ने कड़ा विरोध किया। इसी वजह से वे हमसे अलग भी हुए कि जहां नीतीश रहेंगे वहां वे नहीं रहेंगे। नवल किशोर ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा ने जदयू को 16 सीटों पर हानि पहुंचाई। उनका एकमात्र लक्ष्य था नीतीश कुमार को गद्दी से उतारना। तरारी, मोहनिया, अरवल, घोसी, नोखा, काराकाट, दिनारा, अतरी, भभुआ, केसरिया, औरंगाबाद, जहानाबाद समेत 16 जगहों पर इनकी वजह से जदयू के उम्मीदवार हारे। कल तक वे नीतीश जी को हटाने के लिए कफन बांधे घूम रहे थे, आज उनके सुर बदल गए हैं। वे हितैषी बन गए हैं। वे हट के झटका नहीं दे सके तो भाजपा का नाम लेकर सटकर झटका देना चाहते हैं।
तो चिराग के चाचा को मंत्री क्यों बनाते
विधान पार्षद ने आगे कहा कि भाजपा हमेशा गठबंधन दल का पालन करती है। हम जिसके साथ रहते हैं, पूरी मजबूती के साथ रहते हैं। उपेंद्र कुशवाहा भ्रम नहीं फैलाएं। भाजपा कैसी पार्टी है यह सभी जानते हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में जदयू उम्मीदवार को हराने के लिए चिराग से मिलीभगत के आरोपों पर भी पलटवार किया। कहा कि राघोपुर में किसकी वजह से भाजपा के उम्मीदवार हारे, यह सभी जानते हैं। ऐसा रहता तो चिराग पासवान को केंद्र में मंत्री बनाया जाता, उनके चाचा को नहीं। इससे स्पष्ट है कि हमारा कोई अंदरुनी साठगांठ नहीं है।
