February 8, 2025

दिल्ली में 27 सालों बाद बनेगी भाजपा की सरकार, बीजेपी 46 सीटों पर आगे, केजरीवाल और सिसोदिया हारे

नई दिल्ली। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भाजपा 1 सीट जीती और 46 सीटों पर उसे बढ़त है यानी कुल 47 सीटें। आम आदमी पार्टी (AAP) भी एक सीट जीती है, 22 सीटों पर आगे चल रही है यानी कुल 23 सीटें। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है। इस बदलाव में आप के अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली और सिसोदिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गए। मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट पर चुनाव जीत गई हैं। सत्येंद्र जैन, सोमनाथ भारती और सौरभ भारद्वाज पीछे चल रहे हैं। इस बीच, केजरीवाल को हराने वाले भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा अमित शाह से मिलने पहुंचे। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जश्न जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 7 बजे पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं के बीच स्पीच देंगे।
भाजपा के वोट शेयर में 9% से ज्यादा का इजाफा
भाजपा ने पिछले चुनाव (2020) के मुकाबले वोट शेयर में 9% से ज्यादा का इजाफा हुआ। वहीं, AAP को 10% से ज्यादा का नुकसान हुआ है। कांग्रेस को भले ही एक सीट मिलती नहीं दिख रही, लेकिन वोट शेयर 2% बढ़ाने में कामयाब रही।
भाजपा की 40 सीट बढ़ीं, आप की 40 सीट घटीं
भाजपा की पिछले चुनाव (2020) के मुकाबले 40 सीटें बढ़ीं। वहीं, आप को 40 सीटों का नुकसान हुआ है। कांग्रेस इस बार भी खाली हाथ रहीं। एक भी सीट नहीं जीत सकी।
अवध ओझा ने कहा- ये मेरी व्यक्तिगत हार
पटपड़गंज से आप प्रत्याशी अवध ओझा चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा प्रत्याशी रवींद्र सिंह नेगी ने 23 हजार 280 वोटों से हराया। अवध ने कहा ‘ यह मेरी व्यक्तिगत हार है। अब मैं वापस जाकर अपना काम करूंगा और अगली बार फिर पडपड़गंज से चुनाव लड़ूंगा।
दिल्ली में आप का कार्यालय पर ताला
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यालय को बंद कर दिया गया है। यहां कार्यकर्ता अंदर नहीं जा पा रहे हैं इसलिए गहमागहमी का माहौल है। मीडिया कर्मियों को भी दफ्तर से बाहर कर दिया गया है।
सिसोदिया बोले- लोगों का फैसला मंजूर
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जंगपुरा सीट से 600 वोट से हार गए। उन्होंने कहा कि हमने मेहनत की, लेकिन जनता का फैसला हमारे पक्ष में नहीं आया। हम उनका फैसला स्वीकार करते हैं।

You may have missed