बच्ची की हिम्मत देख लोग अचंभित : सांप के काटने के बाद डिब्बे में बंदकर पहुंची अस्पताल

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में पांच साल की बच्ची की हिम्मत देख हर कोई अचंभित हैं। बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के बसहां गांव में अपने घर के बाहर खेल रही बच्ची को एक सांप ने काट लिया। सांप के काटने के बाद अच्छे-अच्छों की हालत पतली हो जाती है, लेकिन अजगर जैसा सांप के काटने के बाद बच्ची घबराई नहीं बल्कि अपनी हिम्मत का परिचय देते हुए उसे पकड़कर एक डिब्बे में कैद कर दिया। इसके बाद लड़की स्वजनों के साथ डिब्बे में बंद किए गए सांप को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गई। जब डिब्बे में बंद सांप को चिकित्सकों ने देखा तो वे भी हैरान रह गए। बच्ची की हिम्मत की ग्रामीण दाद दे रहे हैं। वहीं चिकित्सकों से सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे वन विभाग के कर्मियों ने सांप को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया जाता है कि बसहां गांव निवासी योगेंद्र महतो की पांच वर्षीय पुत्री सुनरपति कुमारी अपने घर के दरवाजे के पास गुरुवार की देर शाम खेल रही थी। बिजली कटी होने के कारण वहां अंधेरा था। इसी दौरान एक अजगर ने बच्ची को काट लिया। तभी बिजली आ गई। पैर के पास अजगर देखकर बच्ची थोड़ी सी भी नहीं घबराई, बल्कि उसने अजगर को पकड़ एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद घर के लोगों को उसे अजगर के काटने की बात बताई। बच्ची के पिता मुंबई में मजदूरी करते हैं। घर में केवल उसकी मां अनीता देवी रहती हैं। मां ने घटना की जानकारी अपने जानने वालों को दी। आननफानन में लड़की को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बच्ची डिब्बे में बंद किए गए अजगर को भी अपने साथ अस्पताल ले गई। चिकित्सक ने बच्ची का इलाज शुरू किया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. शशि गुप्ता ने बताया कि बच्ची का समुचित इलाज करने के बाद उसे घर जाने की सलाह दे दी गई। सौभाग्य से वह कोई विषैला सांप नहीं, बल्कि अजगर था।
