February 23, 2025

दिल्ली में सीबीआई का बड़ा एक्शन, परिवहन विभाग के 6 अधिकारियों को किया गया गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली में सत्ता परिवर्तन होने के साथ ही एक्शन शुरू हो गया है। भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप में परिवहन विभाग के 6 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था। बताया जा रहा है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार जाने के बाद यह पहला बड़ा एक्शन है। गिरफ्तारी से पहले सीबीआई ने शिकायतों की निगरानी की और सत्यापन करने का निर्णय लिया। शिकायतों के सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया विभिन्न स्तरों पर भ्रष्टाचार के संकेत मिले थे, जिसके बाद अधिकारियों की गिरफ्तारियां हुई हैं। गिरफ्तार किए गए सभी अधिकारियों से सीबीआई की टीम पूछताछ कर रही है। सीबीआई के सूत्रों की मानें तो मंगलवार की शाम ही दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारियों को हिरासत में लिया गया था। इनके ऊपर गलत तरीके से गाड़ों से सड़कों पर अवैध वसूली करने और चालान काटने का आरोप है। इसी आरोप पर सीबीआई ने इनके खिलाफ जांच शुरू की थी। सीबीआई ने पाया है कि 6 टी4 और टी5 स्तर के जो कर्मचारी हैं, उनके ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप सही हैं। बुधवार की सुबह इन सभी अधिकारियों को अरेस्ट किया गया। जांच एजेंसी का कहना है कि भ्रष्टाचार के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल सीबीआई की टीम गिरफ्तार अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। सीबीआई के इस एक्शन से परिवहन विभाग के कर्मियों में हड़कंप मच गया है। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी कुछ ही देर में इसके बारे में जानकारी शेयर करेगी। ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द‍िल्‍ली सरकार के अंदर आता है। बीजेपी के नेता कई बार आरोप लगा चुके हैं क‍ि ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट में घूसखोरी चल रही है। हालांकि, वे इसके पीछे आम आदमी पार्टी को जिम्‍मेदार ठहराते रहे हैं। उनके नेताओं को निशाना बनाते रहे हैं।

You may have missed