पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा की घर वापसी, अपने समर्थकों सहित जदयू में हुए शामिल

पटना । पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा शनिवार को अपने समर्थकों के साथ फिर से जदयू में शामिल हो गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि भगवान सिंह कुशवाहा को जदयू का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बता दें कि दो दिन पहले ही भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा था कि इससे पहले वे लोजपा में थे, लोजपा में विभाजन के बाद काम करने में परेशानी हो रही थी। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास की नीतियों से प्रभावित हैं। इससे बिहार में परिवर्तन हो रहा है। इसलिए जदयू में शामिल होने का फैसला लिया है।

बता दें कि भगवान सिंह कुशवाहा शाहाबाद की राजनीति में बड़ा चेहरा रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने लोजपा में शामिल हो गए थे और चुनाव लड़कर दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं, जदयू प्रत्याशी को तीसरे स्थान मिला था।

पिछले विधानसभा चुनाव में शाहाबाद क्षेत्र के चार जिलों बक्सर, भोजपुर, कैमूर और रोहतास में जदयू को एक भी सीट हासिल नहीं हुई। हालांकि इससे पहले भी भगवान कुशवाहा जदयू छोड़कर वापस आ चुके थे। वो रालोसपा छोड़कर जदयू आए थे।

You may have missed