अयांश के माता-पिता मदद की आस में पहुंचे मुख्यमंत्री के जनता दरबार, रजिस्ट्रेशन नहीं होने से बिठा दिया बाहर
पटना । दुलर्भ बीमारी से पीड़ित 11 महीने के अयांश को लेकर उसके माता-पिता सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार पहुंचे। हालांकि रजिस्ट्रेशन नहीं होने से उन्हें बाहर ही बिठा दिया गया। अयांश एक इंजेक्शन से ठीक हो सकता है, जिसकी कीमत 16 करोड़ रुपये है।
पटना के रहने वाले आलोक व नेहा अपने बेटे के इलाज के लिए सोमवार को वे सीएम नीतीश कुमार के जनता दरबार में पहुंचे। हालांकि रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया और बाहर बिठा दिया।
अयांश के माता-पिता के अनुसार जन्म के दो महीने बाद ही अयांश की तबीयत बिगड़ने लगी थी। पटना के कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद अंत में वे अयांश को लेकर बेंगलुरु के निमहंस गए। वहां पांच डॉक्टरों की टीम ने अयांश की जांच की। इसके बाद अयांश की गंभीर बीमारी स्पाइनल मस्कुलर अट्रॉफी का पता चला।
डॉक्टरों ने बताया कि यह एक दुलर्भ बीमारी है। इसका इलाज एक इंजेक्शन है जिसकी कीमत 16 करोड़ रुपये। जो सिर्फ अमेरिका में बनता है। इसे वहीं से मंगवाना पड़ेगा। अयांश के माता-पिता का कहना है कि 16 करोड़ की राशि उनके लिए बहुत बड़ी है।
वे लोगों की मदद से रुपये इक्ट्ठा कर रहे हैं। पैसे जुटाने को उन्होंने सोशल मीडिया पर अभियान भी शुरू किया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मदद की गुहार लगाई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनता दरबार चल रहा है। सीएम नीतीश आज खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण, कृषि,नगर विकास, लघु सिचाई, पंचायती राज समेत अन्य विभागों की शिकायतें सुन रहे हैं। इसके साथ ही वह अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे रहे हैं।