गोपालगंज : दहेज की मांग पर विवाहिता को जहर देकर मारने का किया प्रयास, घर ले जाने पहुंचे पिता व भाइयों को पीटा

गोपालगंज । गोपालगंज में दहेज की मांग पर पति व सास-ससुर ने विवाहिता को जहर पिलाकर मारने का प्रयास किया। इसके बाद पोल खुलने के डर से उन्होंने उसे नींबू पानी पिलाकर उल्टी भी करवाई।

हालांकि उन्होंने विवाहिता का इलाज नहीं कराया। विवाहिता के मायके वालों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे उसके ससुराल पहुंचे।
मायके वालों ने लड़की को घर ले जाने का प्रयास किया तो ससुरालियों ने उसके पिता और भाइयों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पिता और भाइयों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। यह घटना मांझागढ़ के धोबलिया गांव की है। पीड़िता का नाम गुड़िया सोनी है।
पीड़िता की शादी साल 2012 में माझागढ़ के दुबौलिया गांव में गौतम सोनी से हुई थी। उसके पिता ने शादी के समय अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था।
इसके बावजूद उनकी बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए मारते रहे। पीड़िता ने बताया कि ससुराल वाले उसके चेहरे तक को पसंद नहीं करते हैं।
शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे खूबसूरती व दहेज में सामान न लाने की वजह से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देते थे। पीड़िता का पांच साल का बच्चा भी है।
दो दिन पहले पति ने उसे फिनायल पिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। भेद खुलने के डर से उसे नींबू पानी पिलाकर बिना इलाज करवाए घर पर ही रखा गया।