शर्मनाक हरकत : महिला के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट कर बिजली के पोल पर नग्न अवस्था में फंदे से लटकाया, बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2020/01/rape.jpg)
समस्तीपुर। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार अहले सुबह घर से शौच के लिए निकली एक महिला के साथ बदमाशों ने गैंगरेप का प्रयास किया। इसमें सफल नहीं होने पर मारपीट की व बिजली के पोल पर फंदा से लटका दिया।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)
सुबह सात बजे के बाद लोगों की नजर फंदे पर नग्न अवस्था में लटकी महिला पर पड़ी। लोग उसे पोल से उतारकर दलसिंहसराय अस्पताल ले गए जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बेहोशी की हालत में समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि महिला बेहोश है। उसके शरीर पर लगे जख्मों का इलाज किया जा रहा है।
वहीं होश में आने के बाद देर रात महिला थानेदार पुष्पलता को पीड़ित महिला ने बयान दिया कि मेरे साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। मुझे मारा पीटा गया और कपड़े भी खोल दिए। लेकिन बदमाश दुष्कर्म नहीं कर सके। बताते हैं कि सोमवार रात पीड़िता के घर में शादी थी। घरवाले उसी में व्यस्त थे। शादी में टेंट-बाजा में काम करने वाले मजदूर भी रातभर काम कर रहे थे।
अहले सुबह घर की एक बहू शौच के लिए निकली तो टेंट-बाजा में काम करने वाले मजदूर महिला का पीछा करने लगे। महिला जैसे ही चौर में शौच करने पहुंची सभी ने उसे दबोच लिया। उसके बाद उसके जेवरात व कपड़े उतरवा दिए। कपड़े और जेवरात उतरवाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। सफल नहीं होने पर महिला की पिटाई भी की। महिला बेहोश हो गई तो उसे मरा समझ चौर में ही बिजली के पोल में नग्न अवस्था में फंदे पर लटका कर भाग निकले।
मंगलवार सुबह पोल में बंधी महिला को देखने के बाद ग्रामीणों ने शक के आधार पर टेंट में काम करने वाले सात लोगों को एक-एक कर बंधक बना एक रूम में बंद कर दिया। काफी देर तक लोग अपने स्तर से ही घटना की तहकीकात करते रहे। जिससे काफी विलंब से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जहां उसे महिला के बिखरे कपड़े मिले। पुलिस ने उस पोल का भी जायजा लिया जिसमें उसे लटकाया गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने बंधक बनाए लोगों को पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया कि ग्रामीणों ने सात लोगों को सौंपा है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
समस्तीपुर के एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने कहा कि महिला से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में सात लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस सौंपा है। महिला के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।