मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह और पत्रकार रोहित सरदाना के निधन पर अश्विनी चौबे ने जताया शोक
पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह और लोकप्रिय टीवी पत्रकार व एंकर रोहित सरदाना के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।
श्री चौबे ने शोक संदेश में कहा कि अरुण कुमार सिंह एक सुलझे हुए प्रतिभावान, योग्य और कर्मशील आईएएस अधिकारी थे। वे प्रशासनिक स्तर पर बिहार में कोरोना के विरुद्ध संघर्ष में प्रदेश की अगुआई कर रहे थे। लेकिन अफसोस की बात है कि कोरोना से उनकी ही असमय मृत्यु हो गई।
वहीं श्री चौबे ने कहा कि रोहित के निधन की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। मात्र 42 वर्ष की उम्र में रोहित की अचानक मृत्यु अत्यंत दुखदायी है। बहुत कम समय में उन्होंने टीवी पत्रकारिता में ऊंचा मुकाम हासिल किया था। उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता में राष्ट्रवादिता, ऊर्जा, जोश, ताजगी और ओजस्विता झलकती थी। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में एक बड़ी कमी आ गई है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।