चुनावी मैदान में उतरने के लिए बाहुबली अशोक महतो ने रचाई शादी, मुंगेर से ललन सिंह के खिलाफ ठोकेंगे ताल

नवादा/पटना। बिहार में लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बिहार के कुख्यात बाहुबली अशोक महतो जिन पर नेटफ्लिक्स के द्वारा खाकी वेब सीरीज भी बन चुकी है उन्होंने 62 वर्ष की आयु में शादी कर ली है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात बाहुबली अशोक महतो ने 62 वर्ष की आयु में शादी रचाई। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि मुंगेर लोकसभा में वह चुनाव नहीं लड़ सकते लेकिन वह शादी के बाद अब अपनी पत्नी को चुनाव के मैदान में ललन सिंह के खिलाफ खड़ा करेंगे। इसके लिए उन्हें लालू प्रसाद यादव का भी समर्थन प्राप्त है और बताया ये भी जा रहा है कि कुछ दिन पहले लालू यादव ने अशोक महतो को बुलाकर कहा था कि चुनाव लड़ो, लेकिन महतो शादीशुदा नहीं थे। उन्हें डर था कि अगर वह चुनाव लड़ेंगे तो कोई न कोई कहानी बनाकर नॉमिनेशन रद्द न हो जाए इसलिए सेफ साइड खेलने के लिए उन्होंने दो दिनों में शादी कर ली। ताकि अगर उनको टिकट न मिले तो वे अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाएं। अशोक महतो की उम्र करीब 55 साल है। अशोक महतो पर ही वेब सीरीज खाकी द बिहार चैप्टर बनी थी। अशोक महतो 17 साल से जेल में बंद थे। 10 दिसंबर 2023 को उनकी रिहाई हुई थी। शादी करने के लिए अशोक महतो का काफिला 50 गाड़ियों के साथ निकला। मंगलवार की रात शादी कर ली। मां जगदंबा स्थान के मंदिर में विवाह हुआ। शादी में चाहने वाले और समर्थक शामिल हुए। अशोक महतो ने जिससे शादी की है उसका नाम कुमारी अनिता है। एनडीए में बिहार की 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे के बाद सूबे की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। बिहार की हॉट सीटों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में कई सीटों पर दावेदारी को लेकर चेहरे सामने आने लगे हैं। इनमें मुंगेर लोकसभा सीट की भी चर्चा है। अभी इस सीट से जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह सांसद हैं। अब अशोक महतो ने इस सीट पर दावा ठोका है। पत्नी चुनाव मैदान में होगी। नवादा के पकरीबरावां के रहने वाले अशोक महतो की आपराधिक इतिहास रहा है। 46 वर्षीय पत्नी कुमारी अनिता आरके पुरम दिल्ली की रहने वाली है। मंगलवार को पटना जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के करौटा में मां जगदंबा स्थान मंदिर में शादी हुई। देर रात अशोक महतो ने सात फेरे लिए। इस तरह 55 साल की उम्र में अशोक महतो ने अपना जीवन साथी चुन लिया है। इससे पहले अशोक महतो ने एबीपी न्यूज़ से कहा था कि चुनाव लड़ने के लिए पहले विकल्प के तौर पर पत्नी होगी। दूसरा विकल्प भतीजा होगा। यह भी कहा है कि लालू यादव जब नाम का एलान कर देंगे तब बाकी चीजों की जानकारी दी जाएगी।
शादी के लिए नहीं मिल रही थी लड़की
अशोक महतो को शादी के लिए पहले तो लड़की नहीं मिल रही थी। खोजबीन के बाद मंगलवार की देर रात उनकी शादी की खबर आई है। बताया जा रहा कि लड़की लखीसराय की है और बख्तियारपुर करौटा में शादी हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अशोक महतो अब अपनी पत्नी को मुंगेर लोकसभा से चुनाव लड़ाएंगे।
दिल्ली में जॉब करती है लड़की, पिता इंजीनियर थे
अनीता लखीसराय के सूर्यगढा प्रखंड अंतर्गत बंशीपुर हेमजापुर इलाके की रहने वाले हरि मेहता की बेटी अनीता (46) है। वो पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहती हैं। वो दिल्ली की ही एक कंपनी में काम करती है। उसके पिता हरि प्रसाद सहनी लोक निर्माण विभाग इंजीनियर थे। अनीता समसबार कुर्मी समाज से हैं। अशोक महतो धानुक कुर्मी समाज से आते हैं।
अशोक महतो पर बनी है खाकी द बिहार चैप्टर, कई हत्याओं का आरोप
अशोक महतो के नाम कई नरसंहार दर्ज हैं। इनमें सबसे भयावह है अपसढ़ नरसंहार। साल 2000 था। 11 मई की रात के 11 बज रहे थे। एक परिवार के 15 लोग छत पर सो रहे थे। घटना से 10 मिनट पहले हंसी मजाक का माहौल था। गार्जियन की डांट के बाद अभी आंख लगी ही थी कि अचानक अशोक महतो 50-60 गुर्गों के साथ आ धमका। गालियों के साथ गोलियां बरसाने लगा। लगभग 8 मिनट में उसने 300 राउंड से अधिक फायरिंग की। जो गोलियों से बच गए उसे तलवार से काट दिया। जब माहौल शांत हुआ तो छत पर 11 लाशें थीं। मरने वालों में 10 साल के बच्चे से लेकर 50 साल के बुजर्ग तक थे।
