टीवी अभिनेता अमन जयसवाल की सड़क हादसे में मौत, शूटिंग से जाते समय ट्रक ने मारी टक्कर

मुंबई। यूपी के बलिया के रहने वाले टीवी एक्टर अमन जायसवाल की मुंबई में सड़क हादसे में मौत हो गई। 23 साल के अमन शूटिंग करके बाइक से घर जा रहे थे, तभी ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर उन्हें कामा अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार दोपहर 3 बजे जोगेश्वरी हाईवे पर हुआ। अमन ने टीवी सीरियल “धरतीपुत्र नंदिनी” में लीड रोल किया था। इधर, बेटे की मौत की खबर पता चलते ही मां-पिता बेहोश हो गए। अमन का अंतिम संस्कार बलिया में ही होगा। दोपहर 3 बजे फ्लाइट से वाराणसी अमन के शव को लाया जाएगा, फिर बलिया के तुरतिरपार घाट पर अंतिम संस्कार होगा। अमन का घर बेल्थरा रोड के सेक्टर-5 में है। उनके पिता आशीष बिजनेसमैन हैं। चाचा प्रशांत कुमार मंटू व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं। अमन दिवाली पर आखिरी बार बलिया आए थे। ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई खत्म करने के बाद अमन मुंबई चले गए। अमन ने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल की थी, फिर टीवी सीरियल में काम करने लगे।
टीवी सीरियल धरतीपुत्र नंदिनी से मिला था फेम
2023 में अमन को टीवी सीरियल ‘धरतीपुत्र नंदिनी’ से फेम मिला। इसमें वो लीड रोल में थे। उन्होंने आकाश का किरदार निभाया था। इस सीरियल को ‘रामायण’ में सीता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने प्रोड्यूसर किया था। इसके अलावा, अमन ने शो पुण्यश्लोक अहिल्याबाई में यशवंत राव फांसे का किरदार निभाया था। यह शो साल 2021 से 2023 तक टेलिकॉस्ट हुआ। वह रवि दुबे और सरगुन मेहता के शो उड़ारियां का भी हिस्सा रह चुके थे। अमन को बाइक चलाने का शौक था। वो मुंबई में एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए बाइक का भी इस्तेमाल करते थे। अमन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बाइक राइड करते हुए वीडियो शेयर करते थे। टीवी शो ‘धरतीपुत्र नंदिनी’ के लेखक धीरज मिश्रा ने अमन की मौत पर दुख जताया। कहा- अलविदा, तुम जीवित रहोगे, हमारी यादों में ईश्वर कभी-कभी कितना क्रूर हो सकता है। आज तुम्हारी मौत ने एहसास करा दिया।

You may have missed