PATNA : निमकी मुखिया फेम एक्टर विजय कुमार भेजे गए जेल, पहली पत्नी ने ली राहत की सांस

पटना। शनिवार को दोपहर बाद पुलिस ने निमकी मुखिया फेम एक्टर विजय कुमार को कोर्ट में पेश किया। फिर वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। शाम होने से पहले एक्टर विजय कुमार को पटना के बेऊर जेल ले जाया गया। मुंबई में हाई प्रोफाइल लाइफ जीने वाले विजय कुमार को जमानत मिलने तक जेल में ही रहना पड़ेगा। बता दें महिला थाना की पुलिस ने शुक्रवार को इन्हें नौबतपुर के छोटकी कोपा गांव से गिरफ्तार किया था। इस गांव में एक्टर विजय कुमार का पुश्तैनी घर है। यहां से पकड़ कर लाने के बाद उनकी पूरी रात पटना के महिला थाना में कटी। सुबह होने के बाद कुछ समय के लिए कोतवाली थाना ले जाया गया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट ले जाया गया। करीब दो महीने पहले एक्टर का एंटी सिपेट्री बेल लोअर कोर्ट से रिजेक्ट हो गया था। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में किसी प्रकार की अपील भी नहीं की थी। पहली पत्नी के बेटे की शिकायत मिलते ही महिला थाना की टीम ने कार्रवाई कर दी।
5 साल पहले शुरू हुई थी लड़ाई
एक्टर के जेल जाने से पहली पत्नी नीलिमा कुमारी ने राहत भरी सांस ली है। एक्टिंग की दुनिया में एक मुकाम हासिल कर चुके एक्टर विजय कुमार के खिलाफ 5 साल से नीलिमा एक बड़ी लड़ाई लड़ रही थीं। ये लड़ाई खुद के अस्तित्व और बच्चों के हक के लिए उन्होंने शुरू की थी। पूरी तरह से मायानगरी के रंग में रंग चुके विजय कुमार ने साल 2016 में एक्ट्रेस गीता त्यागी से दूसरी शादी कर ली थी। जब इस बात का पता पटना में रह रही पहली पत्नी को चला तो उनके होश ही उड़ गए थे। महिला आयोग से लेकर महिला थाना तक उन्होंने मदद मांगी। उस दौरान कहीं से भी उन्हें मदद नहीं मिली। जब 17 फरवरी 2020 को कालीदास रंगलाय के कार्यक्रम में एक्टर विजय और पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय पहुंचे थे तो उस दरम्यान नीलिमा भी पहुंची थी। गुप्तेश्वर पांडेय के सामने ही उन्होंने पूरी बात कही। उस वक्त एक्टर वहां से चुपके से निकल गए थे। गुप्तेश्वर पांडेय ने पूरा मामला समझने के बाद महिला थाना में एफआईआर करने का आदेश दे दिया था। वहां से शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया अब तक जारी है।
