औरंगाबाद में वर्चस्व की लड़ाई में सड़क पर फायरिंग, तीन लोग घायल, आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ा, पीट-पीटकर की हत्या

औरंगाबाद । जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के जिनोरिया बाजार में वर्चस्व की लड़ाई में सड़क पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें तीन लोग घायल हो गए। उधर, लोगों ने फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसकी मौत हो गई। इस पूरी घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत फैल गई।

गोली लगने से घायल होने वाले युवकों में धेवही गांव के बलवीर कुमार(26), रवि कुमार (20) और विश्वंभर बिगहा गांव के सनोज कुमार(38) है। बलवीर व रवि आपस में सगे भाई हैं। तीनों घायलों को दाउदनगर के अरविंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जहां डॉक्टरों ने बलवीर कुमार व सनोज को पटना रेफर कर दिया। फायरिंग में बलवीर को पेट में, रवि को जांघ में और सनोज को पैर में गोली लगी है। वहीं गोली मारने के एक आरोपी सोनी गांव निवासी डब्लू यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि भागने के क्रम में आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वो भी घायल हो गया। डॉक्टरों ने इलाज के लिए उसे जमुहार रेफर किया, रास्ते में ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ राजेश कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर विजयेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन की। घटनास्थल से गोली के दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

You may have missed