February 8, 2025

BIHAR : भ्रष्ट अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा, EOU ने लोगों से मांगा सपोर्ट, पुलिस मुख्यालय ने डिटेल्स जारी किया

पटना। काली कमाई करने वाले भ्रष्ट सरकारी अफसरों व कर्मचारियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी नौकरी करते हुए आर्थिक अपराध और भ्रष्टाचार में लिप्त ऐसे अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ और सख्ती की तैयारी है। शुक्रवार को बिहार पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाते हुए भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इसी को ध्यान में रखकर अब बिहार के आम लोगों से भी सपोर्ट मांगा गया है। अगर किसी के पास किसी भ्रष्ट अफसर व कर्मचारी के खिलाफ कोई जानकारी है, किसी प्रकार का कोई सबूत है तो उसे ईमेल और व्हाट्स एप पर मैसेज कर या फिर मोबाइल और फोन नंबर पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं।
पुलिस मुख्यालय ने कुछ डिटेल्स जारी किया
आम लोगों से मदद लेने के लिए पुलिस मुख्यालय ने कुछ डिटेल्स जारी किया है। इसके तहत भ्रष्टाचार में संलिप्त सरकारी लोगों के खिलाफ आम लोग सबसे पहले अपने जिले के एसएसपी/एसपी या फिर रेंज के आईजी/डीआईजी को जानकारी कॉल कर या मिलकर दे सकते हैं। आम लोग चाहें तो डायल 100 पर भी कॉल करके बता सकते हैं। अगर इन लोगों से जानकारी शेयर करने का मन नहीं है तो फिर आर्थिक अपराध शाखा के ईमेल के साथ-साथ व्हाट्सएप नंबर 8544428428 पर भेज सकते हैं और 0612-2215142 पर कॉल कर बता भी सकते हैं। इसके अलावा आधुनिक पुलिस नियंत्रण कक्ष (हेल्पलाइन) के नंबर 0612-2205532, 2205533, 2205534 पर कॉल कर सकते हैं। मेल और व्हाट्सएप नंबर 8544428407/8544428408 पर भी जानकारी भेज सकते हैं।

You may have missed