September 21, 2024

वैशाली : पड़ोसी की बुरी नजर का किया विरोध तो नाबालिग लड़की को चाकू मार किया जानलेवा हमला

* वैशाली महुआ के करहतिया बुजुर्ग गांव की घटना
* हमलावर के परिजन मैनेज करने की दे रहे धमकी
* पटना के फुलवारी के निजी हॉस्पिटल में चल रहा इलाज, अभी भी लड़की की हालत चिंताजनक
* फुलवारी थाने के पुलिस ने अस्पताल पहुंच लड़की का लिया बयान


फुलवारी शरीफ (अजीत)। बिहार के वैशाली जिला के गोरौल थाना क्षेत्र के चेहरा कलां प्रखंड के करहटिया गांव में बीते 25 सितंबर की आधी रात एक 16 साल की नाबालिग लड़की को उसके पड़ोसी मनचले युवक ने सोये अवस्था में चाकू मार बुरी तरह जख्मी कर दिया। मनचले युवक मो. हुसैन, पिता मो. असगर अली की बुरी नजर का विरोध करने पर हुसैन ने लड़की पर जानलेवा हमला किया। नाबालिग लड़की के शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने लड़की को अस्पताल पहुंचाया जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। पटना के फुलवारी शरीफ के एक हॉस्पिटल में इलाजरत नाबालिग लड़की न्याय की गुहार लगा रही है। फुलवारी के एक रिश्तेदार की मदद से फुलवारी शरीफ थाना अस्पताल पहुंचकर लड़की का बयान लिया है। उधर गांव में मौजूद पीड़िता की भाभी को हमलावर मो. हुसैन के परिजन मामला मैनेज करने की धमकी दे रहे हैं। घटना से परिजनों में डर और खौफ का माहौल है। फुलवारी के अस्पताल में पीड़िता अपने भतीजे और एक महिला परिजन के सहारे इलाज करा रही है।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी की बुरी नजर का विरोध करने पर मनचले युवक ने लड़की पर आधी रात में उस समय जानलेवा हमला किया जब वह अपने कमरे में सो रही थी। अचानक जानलेवा हमले से घबराई लड़की ने जब बचने की कोशिश की तो मनचले युवक ने चाकू से कई वार कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। घटना के वक्त लड़की के 90 साल के वृद्ध पिता भी कमरे में ही सो रहे थे। लड़की के चिल्लाने पर परिवार वाले जगे और आसपास के लोगों की मदद से कृष्णा हॉस्पिटल महुआ ले गए। लड़की की नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। पटना के बाईपास में एक निजी हॉस्पिटल में परिजनों से इलाज के नाम पर करीब 35 से 40 हजार रुपए ऐंठ लिए गए, लेकिन गंभीर रुप से घायल लड़की की हालत में सुधार नहीं हुआ तब परिजन बेहतर इलाज के लिए फुलवारी शरीफ लेकर आए।
फुलवारी शरीफ के हारुण नगर में एक रिश्तेदार मो. सदरे आलम की मदद से सिटी हॉस्पिटल हारून नगर में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। लड़की की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। लड़की की मां की मौत हो चुकी है जबकि पिता काफी वृद्ध है। पीड़िता नाबालिग लड़की अपनी भाभी के साथ रहती है, वही उसके भाई मुंबई में एक बिल्डर के घर मुंशी का काम करते हैं।


घायल लड़की के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद इलाज कराने के लिए अस्पताल लेकर चले गए, जिसके चलते वहां के स्थानीय गोरौल थाना में मामला दर्ज नहीं करा पाये। लड़की के परिजनों ने बताया कि फुलवारी शरीफ थाना पुलिस को सूचना दी गयी तब पुलिस अस्पताल पहुंच कर घायल लड़की का बयान लिया है। अस्पताल में मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद नियमानुसार जहां घटना हुई है, वहां के लोकल थाना को मामला रेफर कर दिया जाएगा।
पीड़िता के भतीजे अहमद रजा ने बताया कि पड़ोसी मो हुसैन डेढ़ साल से लड़की को परेशान कर रहा था। मो. हुसैन बदमाश टाईप का लड़का है और वह जबरदस्ती गलत काम करने का दबाव दे रहा था। उसकी गलत नियत का काफी विरोध किया गया लेकिन रात में सोए हालत में घर में घुसकर जबरदस्ती गलत काम करना चाहता था, जिसका विरोध करने पर चाकू से पेट मे मार दिया। पीड़िता का भतीजा ने बताया कि हमलावर मो. हुसैन की मां घर में मौजूद परिजनों को और कॉल कर यहां भी धमका दे रही है। वहीं गांव वाले भी हमलावर के पक्ष में मामला मैनेज करने का दबाव डाल रहे हैं।
पीड़ित लड़की के रिश्तेदार हारुन नगर निवासी मो. सदरे आलम ने कहा कि लड़की को न्याय मिलना चाहिए। फुलवारी शरीफ थानेदार को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है। घटना 25 सितंबर की आधी रात करीब 2 बजे घटी है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed