PATNA : दबंगों ने की महादलितों पर जमकर गोलीबारी, थाने में भागकर बचाई जान, दो हिरासत में
नौबतपुर। राजधानी पटना से सटे नौबतपुर में पुलिस-प्रशासन से बेखौफ दबंगों ने महादलितों पर जमकर गोलीबारी की। घटना से भयभीत महादलितों ने नौबतपुर थाने में भागकर अपनी जान बचाई। मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुट गई है। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के महाराजगंज के महादलित टोला में प्यारे मोची के घर उसका दामाद आदित्य मोची आया था। गुरुवार शाम की आदित्य मोची अपने साला और साली के साथ आटो से घूम रहा था। इसी क्रम में महाराजगंज के कुछ दबंगों ने उन पर फब्तियां कस दी। इसी बात को लेकर आपस में विवाद शुरू हो गया और यह विवाद शुक्रवार को भारी बवाल में तब्दील हो गया। घटना का बदला लेने के ख्याल से महाराजगंज के 30-40 की संख्या में दबंगों ने दलितों के घर पर हमला बोल दिया। कई लोगों को लाठी-डंडे से पीटा और इलाके में जमकर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। गोलीबारी होता देख कई दलित वहां से भागकर नौबतपुर थाना पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई।
घटना में घायल प्यारे मोची ने बताया कि आदमपुर इलाके में भगवान महतो सहित संजय महतो और उनके गुंडों का कहर महादलितों पर टूटा है। अगर वह और उनका परिवार भागकर जान नहीं बचाता तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। इस मामले में उन्होंने नौबतपुर थाने में 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इधर, नौबतपुर थाना प्रभारी सम्राट दीपक ने बताया कि बच्चों के खेल-खेल में बात बिगड़ गई। गोलीबारी की घटना पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसकी छानबीन की जा रही है। घटना के बाद महाराजगंज सहित आदमपुर इलाके में दहशत का माहौल है। किसी अनहोनी की आशंका को लेकर महादलित परिवार डरे और सहमे हैं।