भाकपा माले ने प्रखंड कार्यालय का किया घेराव, बाढ़ पीड़ितों को सहायता देने की मांग
फतुहा। सोमवार को भाकपा माले के कार्यकर्ताओं के द्वारा प्रखंड कार्यालय का घेराव किया गया तथा बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री देने तथा किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसके पहले माले के द्वारा महारानी चौक पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा माले के प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव ने बताया कि लोग बाढ़ से पीड़ित थे। लोगों की फसल डूब गयी लेकिन आज तक प्रभावित क्षेत्र के लोगों को कोई राहत सामग्री नहीं मिली। गरीब बटाईदार व पट्टेदार किसानों को भी आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने सीओ को एक ज्ञापन भी सौंपा। घेराव करने वालों में दीना साव, रविंद्र यादव, उमेश सिंह, कारु सिंह, संगीता देवी, सुशीला देवी समेत सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल थे।