September 21, 2024

फतुहा : गंगा, पुनपुन के साथ बरसाती नदियों के जलस्तर में वृद्धि जारी, ग्रामीण क्षेत्र की 70% आबादी बाढ़ से पीड़ित

फतुहा। बीते दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को बाढ़ ने अपने और भयावह रुप को दिखाया है। गंगा, पुनपुन के साथ साथ प्रखंड के बरसाती नदियों के जलस्तर में वृद्धि आज भी जारी रही। पुनपुन का ऊफान इतनी तेज है कि बीती रात्रि अपने तराई क्षेत्र के गांव खोखना, सुल्तानपुर, नरैना, अबदालपुर, सैदपुर के साथ-साथ डुमरी व नत्थुपुर में भी बाढ़ का पानी फैल चुका है। खोखना गांव में तो घरों में पानी घुस चुका है। गंगा का तांडव शुक्रवार को भी जारी रही। नगर परिषद के वार्ड दो भी गंगा के चपेट में आ गया है। वार्ड 9 व 10 की हालात यह है कि घरों से निकलकर पढ़ने जाने के लिए छात्राओं को निजी नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। त्रिवेणी संगम पर उपरी सतह पर गंगा और पुनपुन का लगातार पानी बह रहा है। कटैया घाट पर बना गुंबद भी बाढ़ के चपेट में है। वार्ड पांच और सात में पुनपुन नदी का कहर जारी है।


दूसरी तरफ बरसाती नदी कररुआ का भी कहर जारी है। इसके किनारे वाले गांव में पानी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। देखा जाए तो नगर परिषद की करीब 25 फीसदी आबादी बाढ़ प्रभावित है तथा ग्रामीण क्षेत्र का करीब 70 फीसदी आबादी बाढ़ से पीड़ित है। सरकारी सेवा व राहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में नदारद है। राहत सामग्री तो दूर की बात है। घरों में फंसे लोगों को निकालने की कवायद भी शुरू नहीं की गई है। देहातों में घर के साथ-साथ बथानी भी डूब चुके हैं। मवेशियों के समक्ष भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। सरकारी सहायता के रुप में मात्र मोहिउदीनपुर पंचायत में एक नाव की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को बीडीओ धर्मवीर कुमार, नगर कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सिटी मैनेजर साकेश कुमार सिन्हा के साथ जनप्रतिनिधि के रूप में संजय गोप ने नगर परिषद क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। बीडीओ धर्मवीर कुमार ने बताया कि सरकार से और नाव की मांग की गयी है।

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed