February 8, 2025

आज जदयू का मिल सकता है नया अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में होगा इस पर फैसला

पटना । दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित जदयू कार्यालय में शनिवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी रहेंगे।

इससे पहले सुबह 11 बजे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। दोपहर तीन बजे जदयू सांसद सीएम से मुलाकात करेंगे। फिर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे।

आरसीपी सिंह के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद शनिवार को जदयू को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी ने 31 जुलाई को दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है।

इसमें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी 75 सदस्य शामिल होंगे। इनमें सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी व राज्यों के अध्यक्ष होंगे। इसकी पुष्टि राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद खां ने की।

वहीं आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार से उनका संबंध सालों से है और आगे भी रहेगा। हमारे संबंध का कोई पैमाना नहीं है।

वे हमारे नेता हैं और वर्षों से उनके साथ काम किया है। आगे भी करेंगे। संगठन है तो पार्टी है। तभी मैं मंत्री और हमारे नेता मुख्यमंत्री हैं। मैं 7 जुलाई को मंत्री बना हूं।

मैं संगठन और मंत्री दोनों का काम मजबूती से करूंगा, लेकिन निश्चित रूप से पार्टी तय करेगी तो मैं यह जिम्मेदारी किसी मजबूत साथी को देने से पीछे नहीं हटूंगा।

 

You may have missed