तृणमूल कांग्रेस में जल्द शामिल हो सकते शत्रुघ्न सिन्हा! बंगाल से मिल सकता राज्यसभा का टिकट
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2021/07/satru.jpg)
पटना । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा जल्द ही तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी उन्हें बंगाल से राज्यसभा का टिकट भी दे सकती हैं।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/09/WhatsApp-Image-2023-11-23-at-11.57.30.jpeg)
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)
ममता बनर्जी भाजपा का विरोध करने वाले सभी लोगों को एकजुट कर रही है। यही वजह है कि शत्रुघ्न सिन्हा को तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर ममता राज्यसभा भेज सकती है।
सूत्रों की मानें तो 21 जुलाई को शत्रुघ्न सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। दरअसल, 21 जुलाई को हर साल ममता बनर्जी की पार्टी शहीद दिवस मनाती है। इस बार इसका आयोजन डिजिटल होगा।
अटल बिहारी वाजपेयी की कैबिनेट में मंत्री रहे शत्रुघ्न सिन्हा भी इस रैली में शामिल होंगे। टीएमसी में शामिल होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने सीधी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि राजनीति संभावना की एक कला है।
पहले से ही कमजोर हो चुकी और अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस पार्टी में बिहारी बाबू को अपना भविष्य नहीं दिख रहा है। बंगाल चुनाव 2021 में तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा को हराया और लगातार तीसरी बार ममता बनर्जी की सरकार बनी। शायद इसलिए शत्रुघ्न सिन्हा अब ममता की छांव में राजनीति करने के लिए तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि बंगाल चुनाव के दौरान ही शत्रुघ्न सिन्हा के परिचित और अटल कैबिनेट के कद्दावर नेता यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। ममता की पार्टी ने यशवंत सिन्हा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है।