परेशान हाल मुखिया जी : कबीर अंत्येष्टि योजना में मिलने वाली राशि 3 सालों से नहीं मिला, क्या है वजह

* अधिकारियों के कहने पर आपात स्थिति में मुखिया दे रहे पीड़ित परिवार को तीन हजार
* सरकारी राशि प्राप्त करने के लिए अब मुखिया को देना है हर मृतक का डेथ सर्टिफिकेट

फुलवारी शरीफ। कबीर अंत्येष्टि के तहत ग्राम पंचायत में किसी भी बीपीएल परिवार के मृत्यु के उपरांत उसी दिन तत्काल 3000 रूपये पंचायत की ओर से दिया जाता है, परंतु वह तीन हजार की राशि विगत 3 सालों से पंचायत को प्राप्त नहीं हुई है। मुखिया जी की परेशानी यहां उत्पन्न हो रही है कि पहले आधार कार्ड, बीपीएल प्रमाण पत्र और एक फॉर्म को प्रखंड में जमा करना होता था। उसके बाद प्रति व्यक्ति 3000 रूपये की सरकारी राशि पंचायत (मुखिया) को प्राप्त होती थी। अब वर्तमान में प्रखंड द्वारा सभी मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है।
कई पंचायतों के मुखिया जी का कहना है कि बहुत ऐसे गरीब परिवार हैं जो मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनवाते हैं लेकिन आपात परिस्थितियों में अधिकारियों के कहने पर मुखिया जी पीड़ित परिवार को कबीर अंत्येष्टि के तीन हजार की राशि तत्काल ही उपलब्ध करा देते हैं। अब मुखिया जी को वह राशि सरकार से प्राप्त करने में मृत्यु प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ रही है। मुखिया जी का कहना है कि अधिकांश ग्रामीण परिवार मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनवाये हैं, जिसके कारण पंचायत को राशि उपलब्ध नहीं हो रही है। इसके बावजूद आज भी किसी बीपीएल परिवार के सदस्य की मौत के बाद पंचायत से कबीर अंत्येष्टि का तीन हजार दिया जा रहा है। अब मुखिया जी जिन परिवारों को कबीर अंत्येष्टि के तहत मिलने वाली तीन हजार की राशि दे चुके हैं, उन परिवारो के यहां दौड़ लगाते फिर रहे हैं ताकि सरकार से राशि प्राप्त करने के लिए लाभुक का मृत्यु प्रमाण पत्र मिल सकें। हालांकि अधिकांश परिवारों के यहां से मुखिया जी निराश लौट रहे हैं।