September 21, 2024

पटना : गंगा नदी में मछली मारने के लिए निकले मछुआरों की नाव पीपा पुल से टकराकर पलटी, एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बचाई दोनों की जान

पटना। गंगा नदी में मछली मारने के लिए निकले मछुआरों की नाव पीपा पुल से टकराकर पलट गई। एनडीआरएफ की टीम को जैसे ही इसकी जानकारी मिली वे बिना समय गवाएं मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रात के अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों मछुआरों को सकुशल गंगा नदी से बाहर निकाला।

यह घटना राजधानी पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के भद्रघाट स्थित गंगा नदी के समीप घटित हुई। यहां रात के अंधेरे में मछली मारने के लिए निकले मछुआरों की नाव पीपा पुल से टकराकर पलट गई। नाव पर सवार दो मछुआरे गंगा नदी की तेज धारा में बहने लगे। इसके बाद वे मदद के लिए चिल्लाने लगे।

घटना के समय भद्र घाट के किनारे कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। गंगा के तेज बहाव की वजह से मछुआरे खाजेकलां घाट की तरफ बहने लगे। सीढ़ी घाट किनारे कुछ लोगों ने मछुआरों की आवाज सुनी और खाजेकलां थाना की पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी गाय घाट स्थित एनडीआरएफ की टीम को दी।

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बिना समय गवाएं एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों मछुआरों की जान बचाई। घटना को लेकर मछुआरों का कहना है कि वे दोनों मछली मारने के लिए गंगा नदी में गए थे। यहां इनकी नाव का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते इनकी नाव गंगा में पलट गई। डूबते हुए उन्होंने शोर मचाकर लोगों से मदद की अपील की।

 

 

yashoraj infosys best website design company in patna : www.yashoraj.com

You may have missed