बिहार के अधिकांश जिलों में तेज आंधी के साथ होगी बारिश व ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पटना। बिहार में मौसम सुहावना हो गया है। तेज आंधी व बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होगी। ऐसी भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर असम तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है जिससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हो रही है। प्रदेश में सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। वज्रपात के कारण रविवार को पांच लोगों की मौत बिहार में हुई है। उत्तर प्रदेश में बने चक्रवात के कारण प्रदेश में बारिश की उम्मीद जताई है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि वर्तमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक चक्रवात बना हुआ है। इसका सीधा असर बिहार पर पड़ रहा है। इसके अलावा एक ट्रफ लाइन पूर्वी उत्तर प्रदेश से असम तक गुजर रही है। इस ट्रफ लाइन को भारी मात्रा में नमी बंगाल की खाड़ी से मिल रही है, जिसके कारण प्रदेश के उत्तरी व पूर्वी भाग में आंधी चलने के साथ बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा बारिश दरभंगा में 14 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, फारबिसगंज में 12 मिलीमीटर एवं सुपौल में चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हई। वहीं, बिहार, झारखंड एवं पश्चिमी बंगाल से जुड़े इलाके में भी एक चक्रवात बना हुआ है। उससे भी प्रदेश को काफी नमी मिल रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि यह प्री मानसून का दौर है। ऐसे में आंधी आना एवं बारिश होने होना स्वाभाविक है। इस तरह की स्थिति मध्य जून तक बनी रहेगी। प्रदेश में मध्य जून में मानसून आने की उम्मीद है। उसके बाद प्रदेश में मानसून की बरसात शुरू हो जाएगी। इस वर्ष मानसून के दौरान राज्य में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। सामान्यत: प्रदेश में मानसून के दौरान 1000 मिलीमीटर बारिश होती है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, सीवान, सारण के लिए दोबारा अलर्ट जारी किया है।