बाढ़ : मेड़ काट लेने के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2020/11/barh.jpg)
बाढ़। पटना जिला के बाढ़ थाना क्षेत्र के हासनचक गांव में सोमवार सुबह खेत जुताई के दौरान मेड़ कट जाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। विवाद ने देखते-देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक पक्ष की ओर से जमकर फायरिंग की गई। जिसमें दूसरे पक्ष से चंद्रदीप यादव (65) गोली लगने से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत गंभीर होने पर घायल को पटना रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।
घटना के बाबत परिजनों का कहना है कि चंद्रदीप यादव ने रविवार रात को अपने खेत की जुताई की थी। सोमवार सुबह अपने खेत में वे काम कर रहे थे कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग आए और मेड़ काट लेने की बात कहकर उनके साथ मारपीट करने लगे। जब इसका उन्होंने विरोध किया तो दूसरा पक्ष चंद्रदीप पर फायरिंग करने लगा। फायरिंग किए जाने के कारण गोली लगने से चंद्रदीप यादव घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों से जानकारी लेने में जुटी हुई है। हालांकि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गई है।
![](https://www.amritvarshanews.in/wp-content/uploads/2023/10/WhatsApp-Image-2023-10-12-at-6.29.32-PM.jpeg)