औरंगाबाद में अक्षरा सिंह के प्रोग्राम में जमकर हंगामा, भीड़ ने तोड़ी कुर्सियां, पुलिस का लाठीचार्ज

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में भोजपुरी गायिका अक्षरा सिंह की एक झलक पाने के लिए लिए भीड़ बेकाबू हो गई। लोगों के बीच सेल्फी लेने की होड़ मच गई, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए। अक्षरा सिंह बीजेपी के पूर्व एमएलसी राजन सिंह और उनकी पत्नी ममता सिंह की शादी के 25वीं सालगिरह पर शुक्रवार को औरंगाबाद पहुंची थी।
अक्षरा सिंह के कार्यक्रम में हंगामा
जिला मुख्यालय के गेट स्कूल मैदान में भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह की स्टेज प्रस्तुति के दौरान दर्शकों में सेल्फी लेने की होड़ मच गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ी।
गुस्साए लोगों ने तोड़ी कुर्सियां
औरंगाबाद शहर के गेट स्कूल मैदान में बीजेपी के पूर्व एमएलसी राजन सिंह की शादी की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित की गई थी, जिसमें आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य के नामचीन कलाकारों को कला की प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान कार्यक्रम में अक्षरा सिंह स्टेज पर प्रस्तुति देने आईं। इस दौरान गुस्साए दर्शकों ने जमकर हंगामा किया और कुर्सियां तोड़ी। अक्षरा सिंह के स्टेज पर आने के बाद भीड़ बेकाबू हो गई और उनमें सेल्फी लेने की होड़ मच गई। स्टेज के पास जाने की जिद में कई दर्शक पुलिस की लाठियों के भी शिकार हो गए। इस दौरान दर्शकों में आक्रोश बढ़ता गया और वह गुस्से में मैदान में कुर्सियां तोड़ने लगे। पुलिस से झड़प करने लगे। इस दौरान कार्यक्रम भी लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा।
मंच से 20 फीट दूर बनाया गया था दर्शक दीर्घा
बीजेपी के पूर्व एमएलसी राजन सिंह के शादी की सालगिरह पर शुक्रवार की सुबह से ही सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति कार्यक्रम चल रहा था। एक से बढ़कर एक भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति दे रहे थे। सुरक्षा को लेकर दर्जनों पुलिस अधिकारी एवं दो दर्जन से अधिक निजी अंगरक्षक लगे हुए थे।मंच से करीब 20 फीट की दूरी पर दर्शक दीर्घा बनाई गई थी।
सेल्फी लेने की मची थी होड़
देर रात्रि जैसे ही अक्षरा सिंह स्टेज पर पहुंची तो कुछ ही देर में हंगामा मच गया। दर्शक सेल्फी लेने के लिए स्टेज के नजदीक पहुंचने की कोशिश करने लगे। जिन्हें पुलिस ने रोका, इसके बाद दर्शकों और पुलिस में झड़प हो गई। फिर दर्शकों ने बवाल काटना शुरू कर दिया, जिसके कारण अक्षरा सिंह अपने निजी अंगरक्षकों के साथ मंच से उतरकर चली गई।
कार्यक्रम में पहुंचे थे अन्य कलाकार
गीत संगीत के इस कार्यक्रम में सबसे पहले गोलू राजा, माही मनीषा ने लोगों को झुमाया। इसके बाद कॉमेडी किंग आनंद मोहन स्टेज पर उतरे। उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में लोगों को हंसाया। विधायक और गायक विनय बिहारी ने श्रोताओं को अपने गानों से मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद देर रात्रि अक्षरा सिंह आईं। चंद मिनटों का गाना गाते ही इन्हें नजदीक से देखने के लिए भीड़ बेकाबू हो गयी। अंत में अनुपमा यादव ने माइक संभाला तब जाकर दर्शक शांत हुए।
