प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण सरस्वती पूजा पर वर्षा का पूर्वानुमान, अलर्ट जारी, बढ़ेगी ठंड
पटना। बिहार में दिसंबर की तरह जनवरी में भी कड़ाके की ठंड का प्रभाव विशेष रूप से प्रदेश में नहीं रहा। इस बार पश्चिमी विक्षोभ की मजबूत स्थिति नहीं बनने के कारण भीषण शीत लहर का अभाव देखा गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार फरवरी के पहले सप्ताह तक मौसम में कई फेरबदल के आसार है। एक और तीन फरवरी को पश्विमी विक्षोभ सक्रिय होगा। एक फरवरी की तुलना में तीन फरवरी यानी सरस्वती पूजा के मौके पर आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है। इनके प्रभाव से प्रदेश में सर्द पछुआ हवा का प्रवाह होने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड में वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इस दौरान शीत लहर जैसे हालात नहीं होगा। पश्विमी विक्षोभ के समाप्त होने के बाद छह फरवरी से मौसम में बदलाव की संभावना है। तापमान में गिरावट आने के साथ बादलों की आवाजाही बनने से ठंड में हल्की वृद्धि की संभावना है। शनिवार को पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी जिले के व उत्तर पूर्वी भागों के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के कारण यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, पटना समेत अन्य भागों में सुबह के समय हल्के दर्जे का कोहरा छाए रहा। दिन में धूप निकलने के कारण न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ बांका व समस्तीपुर पूसा सबसे ठंडा रहा। पटना सहित 17 शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। जबकि, शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 11 शहरों का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। पटना सहित आसपास इलाकों में अच्छी धूप निकलने के कारण लोगों को ठंड से राहत मिली। शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 30.1 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। चार जिलों के न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। जिसमें औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस, जमुई का 8.8 डिग्री, बांका का 7.5 डिग्री, मोतिहारी का 8.5 डिग्री, समस्तीपुर का 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।