राहुल के बयान पर विजय सिन्हा का हमला, कहा- वे जानवर प्रवृत्ति के इंसान, सांसद कहलाने के लायक नहीं

पटना। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने हिंदुओं पर दिए गए बयान से राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है। उनके बयान के बाद सियासत में उबाल आ गया है। विपक्षी दल राहुल का बचाव कर रहे हैं जबकि बीजेपी और एनडीए के सभी दल उन पर हमलावर हैं। बिहार में भी इस मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई है। बीजेपी नेता और बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने राहुल गांधी के हिंदुओं को हिंसक कहने पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और सदन में हिंदुओं पर प्रहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को तीन बार लॉन्च करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार वे असफल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पांच बार के सांसद को संसद में इस तरह नहीं बोलना चाहिए। राहुल गांधी जैसा व्यक्ति संसद के लायक नहीं है। विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी ने हिंदुओं को आतंकवादी कहकर भारतीयों का अपमान किया है। हिंदुओं को सहिष्णुता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन राहुल गांधी उन्हें हिंसक बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के आखिरी शब्द ‘हे राम’ थे। सिखों के कत्लेआम के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में हो रही हिंसा का समर्थन करके ये लोग सनातन धर्म को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी रामचरितमानस का अपमान करने वाले राजद के साथ है और तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन कर रही है। विजय सिन्हा ने कहा कि पहले जवाहरलाल नेहरू ने हिंदुओं का अपमान किया था, फिर इंदिरा गांधी ने और अब राहुल गांधी ने वही किया है। राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने भी हिंदुओं को दूसरे दर्जे पर रखा था। पी. चिदंबरम ने हिंदू आतंकवाद की बात की थी और कांग्रेस ने इस नाम को अपनाया था। सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी चुनाव के समय जनेऊ पहनकर हिंदू वोट लेने का नाटक करते हैं और संसद और संसद के बाहर हिंदुओं का अपमान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भगवान शिव का चित्र दिखाकर तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं और देश में इटालियन संस्कृति लागू करना चाहते हैं। 2014 में राहुल ने ईश्वर की शपथ ली थी, लेकिन इसके बाद कभी ईश्वर का नाम नहीं लिया। विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी नर नहीं बल्कि पशु के समान हैं।
